इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली से पुणे जाने वाली एक उड़ान के दौरान भारी अव्यवस्था और हंगामे की खबर सामने आई है। विमान में सभी यात्रियों की बोर्डिंग पूरी होते ही केबिन का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम अचानक पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते देखते ही देखते प्लेन के भीतर का तापमान काफी बढ़ गया और यात्रियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
अत्यधिक गर्मी और वेंटिलेशन बंद होने से केबिन के अंदर हवा का प्रवाह रुक गया, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई। काफी देर तक कोई राहत न मिलने पर परेशान यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेकऑफ से ठीक पहले फ्लाइट को रुकवा दिया। इसके बाद यात्री प्लेन से बाहर टर्मेक पर उतर आए और एयरलाइन प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। बढ़ते दबाव को देखते हुए विमान को वापस बे (Bay) में लाया गया।
विमान में सवार लोगों का आरोप है कि इस दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। हवा रुक जाने के कारण केबिन में भारी घुटन होने लगी और लोग पसीने से तर-बतर हो गए, जिससे कई यात्रियों को सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी।
इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में असहाय यात्री विमान की सीटों में रखी मैगजीन और कागजों से खुद को हवा झलते हुए देखे जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले उपयोगकर्ताओं का दावा है कि इस प्लेन में पहले से ही तकनीकी खराबी की समस्या थी, लेकिन इसे अनदेखा करते हुए यात्रियों की बोर्डिंग करवा दी गई।
