कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और पूर्व उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें फूलबागान स्थित उनके आवास से दिनहाटा थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, हाउसिंग फॉर ऑल योजना के तहत लोगों को मकान उपलब्ध कराने के नाम पर अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच के दौरान उदयन गुहा का नाम सामने आया था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
पूर्व मंत्री पर चुनाव बाद हिंसा, धमकी देने और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन मामलों में जांच जारी है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें दिनहाटा लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हाउसिंग फॉर ऑल योजना के तहत दिनहाटा के बायिंदादा इलाके में आवास दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से अतिरिक्त 20 हजार रुपये लिए गए थे। उस समय उदयन गुहा नगरपालिका के चेयरमैन के पद पर थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिनहाटा पुलिस की एक विशेष टीम कोलकाता पहुंची और फूलबागान क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि 4 मई को दिनहाटा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार से चुनाव हारने के बाद उदयन गुहा कोलकाता में रह रहे थे। पिछले कुछ समय से वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी नजर नहीं आए थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
