भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आधिकारिक तौर पर अन्नामलाई के इस्तीफे को मंजूरी देते हुए इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। पार्टी द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से इस बड़े घटनाक्रम की पुष्टि की गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षरित इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अन्नामलाई ने न केवल अध्यक्ष पद, बल्कि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। अब वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य भी नहीं रहे हैं। पत्र में कहा गया है, “भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, माननीय श्री नितिन नवीन ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।”
दिल्ली में हुई थीं शीर्ष नेताओं के साथ गोपनीय बैठकें
अन्नामलाई ने 2 जून को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात की थी। इस बैठक के तुरंत बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अलग गोपनीय बैठक भी की। बताया जा रहा है कि इन मुलाकातों के दौरान बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने की अपनी इच्छा शीर्ष नेतृत्व के सामने रख दी थी।

एयरपोर्ट से वापस बुलाए गए थे अन्नामलाई
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक नाटकीय मोड़ तब आया जब अन्नामलाई दिल्ली में बैठकों का सिलसिला खत्म कर वापस तमिलनाडु लौटने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुँच चुके थे। वे अपनी फ्लाइट पकड़ने ही वाले थे कि तभी भाजपा आलाकमान की तरफ से उन्हें अचानक वापस बुला लिया गया। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें अपना फैसला बदलने और पार्टी में बने रहने के लिए मनाने की आखिरी कोशिश की। हालांकि, अन्नामलाई अपने फैसले पर अडिग रहे और अंततः भाजपा मुख्यालय से उनके इस्तीफे की आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर दी गई।
