कर्नाटक की राजनीति में बड़ा भूचाल! सीएम सिद्दरमैया के इस्तीफे की खबरों के बीच भावुक हुए डीके शिवकुमार, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की चर्चाओं के बीच राजधानी बेंगलुरु में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एक ओर सिद्धारमैया समर्थक सक्रिय हैं, तो दूसरी तरफ डीके शिवकुमार के समर्थक उनकी संभावित ताजपोशी की तैयारियों में जुटे दिखाई दे रहे हैं।

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुवार सुबह बेंगलुरु में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक ब्रेकफास्ट मीटिंग (नाश्ते) के दौरान सिद्दरमैया ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को इस फैसले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया आज दोपहर 3 बजे लोकभवन जाएंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान ने कथित तौर पर उनसे राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के लिए रास्ता बनाने को कहा था। इसके बाद मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। हालांकि, लोक भवन के सूत्रों ने बताया कि सिद्दरमैया ने अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय नहीं मांगा है, जो इस समय निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं।

इस्तीफे के पीछे राहुल गांधी का संदेश

सूत्रों का संकेत है कि सिद्दरमैया ने इस्तीफा देने का फैसला इसलिए किया क्योंकि यह संदेश सीधे पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी की ओर से आया था। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने पहले भी कई बार कहा था कि यदि लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) उनसे ऐसा करने को कहेंगे, तो वह तुरंत इस्तीफा दे देंगे। इससे पहले पार्टी आलाकमान ने मंगलवार को सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया था, जहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लगातार बैठकें हुई थीं।

भावुक हुए शिवकुमार, सिद्दरमैया के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

इस सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा कुछ तस्वीरें साझा की गई हैं। एक तस्वीर में मुख्यमंत्री सिद्दरमैया बेहद भावुक नजर आ रहे डीके शिवकुमार को गले लगाते हुए दिख रहे हैं। वहीं एक अन्य तस्वीर में, मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे शिवकुमार को सिद्दरमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने सिद्दरमैया को राज्यसभा की सीट और पार्टी में एक बड़ी राष्ट्रीय भूमिका की पेशकश की है, लेकिन सिद्दरमैया ने इस केंद्रीय भूमिका को स्वीकार नहीं किया है।

रणदीप सुरजेवाला ने अटकलों पर विराम लगाने की अपील की

जैसे-जैसे कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री की उम्मीद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो रही है, वैसे ही पार्टी की ओर से बयान भी सामने आया है। कर्नाटक के प्रभारी और एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने फिलहाल राज्य में अपने विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है और अभी तक कोई अन्य आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने मीडिया से इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी तरह की अटकलें न लगाने का अनुरोध किया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale