नोएडा में वेतन की आग अब सोसायटियों तक: सेक्टर 121 में मेड और सफाईकर्मियों का पथराव, जमकर हुआ हंगामा

औद्योगिक क्षेत्रों में जारी श्रमिक विरोध के बीच अब घरेलू कामगारों का गुस्सा भी खुलकर सामने आने लगा है। सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार को भी निजी कंपनियों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर डटे रहे।

नोएडा में हंगामा जारी: सेक्टर 121 में मेड और मजदूरों का प्रदर्शन, पथराव
नोएडा में हंगामा जारी: सेक्टर 121 में मेड और मजदूरों का प्रदर्शन, पथराव

नोएडा में औद्योगिक श्रमिकों द्वारा शुरू किया गया वेतन वृद्धि आंदोलन अब रिहायशी इलाकों और हाउसिंग सोसायटियों तक फैल गया है। मंगलवार को नोएडा के सेक्टर 121 स्थित एक प्रतिष्ठित सोसाइटी के बाहर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब घरों में काम करने वाली मेड, सफाई कर्मचारी और दैनिक वेतनभोगी मजदूरों ने मोर्चा खोल दिया। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने अचानक सोसाइटी पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सोसाइटी के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कामगारों को सड़क पर तोड़फोड़ करते और नारेबाजी करते देखा जा सकता है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस तरह से फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी की मांग उठ रही है, उसी तरह सोसायटियों में काम करने वाले घरेलू सहायकों और सफाईकर्मियों की मजदूरी भी बढ़ाई जानी चाहिए। उनका तर्क है कि महंगाई के इस दौर में पुराने वेतन पर काम करना अब मुमकिन नहीं है।

यह नया विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को हुई हिंसक घटनाओं के बाद देर रात ही न्यूनतम मजदूरी दरों में अंतरिम बढ़ोतरी का आदेश जारी किया था। सरकार के नए आदेश के मुताबिक, अलग-अलग श्रेणियों में वेतन में करीब 3000 रुपये तक का इजाफा किया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा। हालांकि, औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारी इस वृद्धि से संतुष्ट नहीं हैं और 20 हजार रुपये न्यूनतम मजदूरी की मांग पर अड़े हैं।

सेक्टर 121 की घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। औद्योगिक इलाकों की तरह यहां भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और कहासुनी देखने को मिली, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। नोएडा में लगातार दूसरे दिन जारी इस उथल-पुथल ने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि अब यह आंदोलन फैक्ट्रियों की चारदीवारी से निकलकर आम नागरिक सोसायटियों के दरवाजों तक पहुंच गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale