ईरान के साथ जारी भीषण युद्ध और तनाव के बीच अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में एक बेहद गोपनीय तेल शिपिंग ऑपरेशन शुरू किया है। अमेरिकी सेना ने ओमान के तट के पास जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में एक विशेष और सुरक्षित शिपिंग कॉरिडोर तैयार किया है। इस गुप्त कॉरिडोर के माध्यम से हर रात तेल टैंकरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। पिछले कुछ हफ्तों से लगातार चलाए जा रहे इस सैन्य ऑपरेशन के तहत रोजाना लगभग 15 से 20 तेल टैंकर होर्मुज के रास्ते आ-जा रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस नए और सुरक्षित मार्ग से अब हर दिन करीब 1 करोड़ बैरल कच्चा तेल बाहर निकाला जा रहा है। यह मात्रा युद्ध शुरू होने से पहले होने वाली सामान्य तेल आपूर्ति की लगभग आधी है। हालांकि वैश्विक बाजार में तेल की आवाजाही पूरी तरह से पुरानी स्थिति में नहीं लौट सकी है, लेकिन अमेरिकी सेना के इस कदम से दुनिया भर में मंडरा रहे ऊर्जा संकट और सप्लाई के भारी दबाव को कम करने में बड़ी मदद मिली है।
कैसे अंजाम दिया जा रहा है यह सीक्रेट ऑपरेशन?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना का यह ऑपरेशन केवल तेल से भरे जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने तक ही सीमित नहीं है। इसके तहत खाली टैंकरों को भी अरब सागर के रास्ते होर्मुज से होते हुए खाड़ी के देशों में भेजा जा रहा है। ये टैंकर वहां तेल भरने के बाद वापस इसी सुरक्षित मार्ग से बाहर निकल रहे हैं। जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हर रात अलग-अलग समय तय किया जाता है और अमेरिकी सेना की सीधी निगरानी में उन्हें दक्षिणी रास्ते से गंतव्य की ओर रवाना किया जाता है।
ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों से मिल रही सुरक्षा
इस पूरे शिपिंग कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए अमेरिकी लड़ाकू विमान लगातार आसमान में गश्त कर रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि हालिया सैन्य अभियानों में ईरान के कई रडार और समुद्री निगरानी तंत्रों (मैरीटाइम सर्विलांस सिस्टम) को भारी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे ईरान के लिए इस दक्षिणी चैनल में जहाजों पर नज़र रखना काफी मुश्किल हो गया है।
इसके बावजूद, ईरान की ओर से ड्रोन और क्रूज मिसाइलों के जरिए हमले लगातार जारी हैं। अमेरिका का दावा है कि बीते हफ्ते उसके रक्षा तंत्र ने 8 ईरानी ड्रोन और 2 क्रूज मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। हालांकि कुछ जहाजों को आंशिक नुकसान भी पहुंचा है, लेकिन अमेरिकी सेना ने कई बड़े संभावित हमलों को सफलतापूर्व नाकाम कर दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया रणनीतिक कामयाबी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस सीक्रेट ऑपरेशन का संकेत देते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से इस समय “बहुत बड़ी मात्रा में तेल” बाहर निकाला जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ विशेष रातों में तेल निकासी का यह आंकड़ा 1.5 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ बैरल तक भी पहुंच चुका है। फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी स्तर पर कूटनीतिक बातचीत नहीं हो रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि इस समय ईरान के साथ बातचीत करना केवल समय की बर्बादी है। ऐसे में युद्ध के माहौल के बीच होर्मुज में इस गुप्त तेल कॉरिडोर को अमेरिका के लिए एक बड़ी रणनीतिक और आर्थिक कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।
