तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा के बावजूद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक नई और सख्त एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों को जल्द से जल्द ईरान से बाहर निकलने की सलाह दी है। गौरतलब है कि इससे पहले जारी की गई एडवाइजरी में नागरिकों को अगले 48 घंटों तक सतर्क रहने और घरों के भीतर रहने के लिए कहा गया था।
दूतावास का सख्त निर्देश: दूतावास के संपर्क में रहकर ही निकलें
सीजफायर के कुछ ही घंटों बाद जारी इस नई सलाह में कहा गया है कि ताजा हालातों को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को यह सख्त हिदायत दी जाती है कि वे दूतावास के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। नागरिकों को केवल दूतावास द्वारा सुरक्षित बताए गए रास्तों का इस्तेमाल करते हुए जल्द से जल्द देश छोड़ने के लिए कहा गया है। दूतावास ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर भी विशेष चेतावनी जारी की है कि कोई भी नागरिक दूतावास से समन्वय किए बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास न जाए।
48 घंटे के अलर्ट के बाद बदली रणनीति
इससे पहले मंगलवार को जारी एडवाइजरी में भारतीयों को ‘जहां हैं, वहीं रहने’ का निर्देश दिया गया था। उस समय दूतावास ने कहा था कि भारतीय नागरिक बिजली केंद्रों, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें। साथ ही, राजमार्गों पर आवाजाही के लिए दूतावास से अनुमति लेना अनिवार्य किया गया था। जो लोग दूतावास द्वारा बुक किए गए होटलों में ठहरे हैं, उन्हें अपने कमरों के भीतर रहने और आधिकारिक जानकारी पर नजर रखने को कहा गया था।
ईरान में भारतीयों की स्थिति
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी को जब इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद संघर्ष शुरू हुआ था, तब ईरान में छात्रों सहित लगभग 9,000 भारतीय मौजूद थे। अब तक लगभग 1,800 भारतीय सुरक्षित वापस लौट चुके हैं, जबकि शेष नागरिकों की निकासी की प्रक्रिया जारी है।

आपातकालीन सहायता के लिए जारी नंबर
भारतीय दूतावास ने आपात स्थिति में सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी जारी की है:
आपातकालीन नंबर:
- +989128109115
- +989128109102
- +989128109109
- +989932179359
ईमेल: cons.tehran@meagov.in
दूतावास ने सभी से अनुरोध किया है कि वे स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आधिकारिक निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
