वॉशिंगटन/नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में वोटिंग के नियम कड़े करने और ‘सेव अमेरिका एक्ट’ (SAVE America Act) लागू करने की मांग करते हुए भारत की चुनाव व्यवस्था की सराहना की है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने लिखा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनकी सरकार से पूछा था कि अमेरिका में बिना किसी फोटो पहचान पत्र (Photo ID) के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का हवाला देते हुए लिखा कि इस महीने की शुरुआत में उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे हो सकते हैं। ट्रंप ने बताया कि भारत के पिछले चुनाव में 64.6 करोड़ मतदाता थे, जिनमें से 1 प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक से वोट दिया और हर मतदाता के पास एक वैलिड फोटो पहचान पत्र होना अनिवार्य था। इस आधार पर ट्रंप ने अमेरिका में ‘द सेव अमेरिका एक्ट’ को तुरंत पास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
President Trump just shared a stunning comparison from India’s Chief Election Commissioner. India required photo ID for EVERY ONE of its 646 million voters. Less than 1% voted by mail. The question to America: How do we run elections without the same basic safeguard? Trump is… pic.twitter.com/B1dm5TyO8u
— Commentary Donald J. Trump Posts From Truth Social (@TrumpDailyPosts) August 17, 2026
भारत में चुनाव के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को विपक्ष की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, जहाँ उन पर निष्पक्ष न होने के आरोप लगे थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने विपक्ष के सभी सवालों का जवाब दिया था और उनके संदेहों को दूर करने का रास्ता सुझाया था। अब अमेरिकी नेता ट्रंप द्वारा भारतीय चुनाव व्यवस्था की तारीफ किए जाने से इस प्रणाली की विश्वसनीयता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिला है।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली का जिक्र करते हुए ट्रंप बिल्कुल सही थे। सर्जियो गोर ने भारत के पिछले चुनाव के 646 मिलियन मतदाताओं और उनके पास अनिवार्य आईडी होने का जिक्र करते हुए अमेरिकी कांग्रेस से ‘SAVE अमेरिका एक्ट’ पास करने की अपील की।
प्रस्तावित ‘सेव अमेरिका एक्ट’ अमेरिका में चुनावी नियमों को सख्त बनाने के उद्देश्य से लाया जा रहा है, जिसमें मतदाताओं की पहचान और नागरिकता के सबूत से जुड़ी शर्तें शामिल हैं। इसे लागू कराना ट्रंप की राजनीतिक प्राथमिकताओं का एक अहम हिस्सा बन गया है, और उनकी हालिया टिप्पणियों से अमेरिका व भारत की चुनावी प्रक्रियाओं की तुलना करने की कोशिशें भी स्पष्ट रूप से जाहिर होती हैं।
