प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ मियागी प्रान्त के सेंडाई स्थित सेमीकंडक्टर संयंत्र का दौरा किया। दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र की अग्रणी जापानी कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रॉन मियागी लिमिटेड (टीईएल मियागी) का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री मोदी को टीईएल की वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में भूमिका, इसकी उन्नत विनिर्माण क्षमताओं और भारत के साथ चल रहे एवं नियोजित सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संयंत्र के दौरे से दोनों नेताओं को सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, निर्माण और परीक्षण में सहयोग बढ़ाने के अवसरों का प्रत्यक्ष अनुभव मिला। श्री मोदी की सेंडाई यात्रा ने भारत के उभरते सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र और जापान की उन्नत तकनीक व उपकरण निर्माण क्षमता के बीच पूरकता को रेखांकित किया।
भारत और जापान ने इस क्षेत्र में सहयोग को और प्रगाढ़ करने, जापान-भारत सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी संबंधी ज्ञापन तथा भारत-जापान औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता साझेदारी और आर्थिक सुरक्षा संवाद के अंतर्गत चल रहे सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
PM Ishiba and I visited the Tokyo Electron Factory. We went to the Training Room, Production Innovation Lab and interacted with top officials of the company. The semiconductor sector is a key area for India-Japan cooperation.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 30, 2025
In the last few years, India has made many strides in… pic.twitter.com/6Fmv0s7gUo
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री इशिबा की इस संयुक्त यात्रा ने दोनों देशों के बीच मज़बूत, लचीली और विश्वसनीय सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखलाएँ विकसित करने के साझा दृष्टिकोण को भी उजागर किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री इशिबा का आभार जताया और कहा कि भारत इस अहम क्षेत्र में जापान के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दौरे के बाद प्रधानमंत्री इशिबा ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में सेंडाई में दोपहर भोज का आयोजन किया, जिसमें मियागी प्रान्त के गवर्नर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
