इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित सरकारी अस्पताल ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 14 नवजात बच्चों की झुलसने से मौत हो गई। घटना के समय अस्पताल के MCH वार्ड की तीसरी मंजिल पर स्थित नर्सरी में 16 नवजात बच्चे भर्ती थे, जिनमें से केवल एक बच्चे को ही सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
स्थानीय मीडिया और रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा नर्सरी के अंदर लगे एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फटने के कारण हुआ। कंप्रेसर धमाके के बाद आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरा वार्ड धुएं से भर गया। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने बताया कि आग में 14 बच्चों के शव पूरी तरह झुलस गए। हालांकि, PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीज़ा जलील के अनुसार आग सुबह करीब 7 बजे लगी थी और मौतों के सटीक आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है, क्योंकि संभव है कि रात के समय कुछ बच्चों को छुट्टी दे दी गई हो।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और दोबारा आग भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन चलाया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे की वास्तविक वजह और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की जांच के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। यह समिति आग लगने के सही कारणों का पता लगाएगी और यह भी जांच करेगी कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई तथा किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ।
