मेक्सिको सिटी: मैक्सिको से इस वक्त की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय खबर सामने आ रही है, जहां दुनिया के सबसे खूंखार ड्रग माफियाओं में शुमार ‘एल मेंचो’ के मारे जाने के बाद पूरे देश में गृहयुद्ध जैसे हालात बन गए हैं। मैक्सिकन रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का सरगना नेमेसियो रुबन ओसेगुएरा सर्वेंटेस, जिसे दुनिया ‘एल मेंचो’ के नाम से जानती थी, एक सैन्य अभियान में मारा गया है। 59 वर्षीय इस ड्रग लॉर्ड की मौत तपालपा के पहाड़ी इलाके में हुए एक मिलिट्री ऑपरेशन के दौरान लगी गंभीर चोटों की वजह से हुई।
मैक्सिको में फैला भारी उपद्रव
एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही उसके संगठन CJNG के गुर्गों ने मैक्सिको के कई राज्यों में तांडव मचाना शुरू कर दिया है। जलिस्को, गुआनाजुआतो और मिचोआकन जैसे राज्यों में बंदूकधारियों ने बसों, ट्रकों और निजी कारों को आग के हवाले कर दिया है। सड़कों पर बड़े-बड़े जाम लगाकर आवाजाही ठप कर दी गई है। ग्वाडलहारा जैसे प्रमुख शहरों में दहशत का माहौल है और लोग बदले की हिंसा के डर से सुरक्षित ठिकानों की ओर भाग रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गवर्नर पाब्लो लेमस नवारो ने ‘कोड रेड’ सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से घरों के अंदर रहने की अपील की है।
First moments of the Puerto Vallarta attack by CJNG. pic.twitter.com/4FnLwJhpW6
— Open Source Intel (@Osint613) February 22, 2026
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाई अलर्ट
एल मेंचो का संगठन अमेरिका में नशीले पदार्थों की तस्करी का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता था, इसलिए उसकी मौत के बाद अमेरिका ने भी अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। मैक्सिको स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रभावित इलाकों की यात्रा न करने की सलाह दी है। इसी बीच, भारत सरकार ने भी मैक्सिको के बिगड़ते हालातों को देखते हुए वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और उन्हें स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
एक दशक तक रहा एल मेंचो का खौफ
पूर्व पुलिस अधिकारी रहा ओसेगुएरा पिछले एक दशक में मैक्सिको का सबसे शक्तिशाली और बेरहम आपराधिक चेहरा बन चुका था। उसका संगठन मिलिट्री-स्टाइल की ताकत और तस्करी के रास्तों पर कब्जे के लिए कुख्यात था। हालांकि मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा है कि इस पूरे ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी जल्द ही सुरक्षा कैबिनेट द्वारा साझा की जाएगी। फिलहाल, पूरा मैक्सिको इस वक्त सुरक्षा बलों और कार्टेल के गुर्गों के बीच चल रही झड़पों की वजह से थर्राया हुआ है।
