लंदन: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ सोमवार को तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। यह घटना गांधी जयंती के ठीक दो दिन पहले हुई है। अज्ञात हमलावरों ने बापू की ध्यानमग्न मुद्रा वाली मूर्ति को नुकसान पहुँचाया और उसके चबूतरे पर आपत्तिजनक बातें भी लिखी। भारतीय उच्चायोग ने घटना की जानकारी स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों को दी और प्रतिमा की मरम्मत के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
इस कांस्य प्रतिमा का अनावरण 1968 में इंडिया लीग के सहयोग से हुआ था और यह महात्मा गांधी के उन दिनों को याद करती है जब वे यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में कानून के छात्र थे। भारतीय मिशन ने कहा कि यह घटना मामूली तोड़फोड़ नहीं, बल्कि अहिंसा के प्रतीक और गांधी की विरासत पर हमला है।
लंदन पुलिस, मेट्रोपॉलिटन पुलिस और कैमडेन काउंसिल के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। भारतीय उच्चायोग की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और प्रतिमा की मरम्मत में सहयोग कर रही है। गांधी जयंती के अवसर पर हर साल यहां पुष्पांजलि अर्पित की जाती है और उनके पसंदीदा भजन गाए जाते हैं।
@HCI_London is deeply saddened and strongly condemns the shameful act of vandalism of the statue of Mahatma Gandhi at Tavistock Square in London. This is not just vandalism, but a violent attack on the idea of nonviolence, three days before the international day of nonviolence,…
— India in the UK (@HCI_London) September 29, 2025
