कीव: रूस के साथ जारी भीषण युद्ध के बीच यूक्रेन अपनी सेना और रक्षा बजट को वित्तीय मजबूती देने के लिए एक असामान्य कदम उठाने पर विचार कर रहा है। यूक्रेनी संसद की वित्त समिति के अध्यक्ष और सांसद यारोस्लाव जेलेजनियाक द्वारा संसद में पेश किए गए एक नए विधेयक के तहत देश में एडल्ट कंटेंट (अश्लील सामग्री) के निर्माण और वितरण को कानूनी दायरे में लाने की योजना बनाई गई है।
‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस विधेयक के समर्थकों का अनुमान है कि एडल्ट इंडस्ट्री को वैधता प्रदान करने और इसे कानूनी ढांचे के तहत लाने से सरकार को सालाना लगभग 2.5 करोड़ डॉलर (25 मिलियन डॉलर) का टैक्स राजस्व प्राप्त हो सकता है। यूक्रेनी सांसदों का मानना है कि इस एकत्रित टैक्स राशि का सीधा इस्तेमाल सेना के लिए लगभग 30,000 नए युद्धक ड्रोन (Combat Drones) खरीदने और रक्षा जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकेगा।
वर्तमान में यूक्रेन में लागू कानूनों के तहत एडल्ट कंटेंट का निर्माण, भंडारण या वितरण पूरी तरह से प्रतिबंधित और गैरकानूनी है, जिसके लिए दोषियों को 7 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। हालांकि, कड़े कानूनों के बावजूद पुलिसिया ढिलाई और भ्रष्टाचार की आड़ में यह उद्योग लंबे समय से सक्रिय रहा है। रूस के पूर्ण पैमाने पर किए गए आक्रमण से पहले अधिकारी इस उद्योग को काफी हद तक नजरअंदाज करते थे, लेकिन हाल के वर्षों में स्थिति बदली है। जनरल प्रॉसिक्यूटर कार्यालय के खुलासे के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई से बचाने के एवज में कई अधिकारियों द्वारा 20,000 डॉलर तक की रिश्वत लेने के मामले भी सामने आए हैं।
विधेयक पेश करने वाले सांसद यारोस्लाव जेलेजनियाक ने देश में पैदा हुई एक विरोधाभासी और अजीबोगरीब स्थिति को रेखांकित किया है। दरअसल, यूक्रेन के टैक्स अधिकारियों ने हाल ही में एडल्ट कंटेंट क्रिएटर्स से टैक्स वसूलना शुरू कर दिया है, लेकिन कानूनन यह काम अपराध होने के कारण क्रिएटर्स के सामने संकट खड़ा हो गया है।
जेलेजनियाक ने कहा कि यदि ये क्रिएटर्स टैक्स नहीं भरते तो वे कर चोरी के आरोपी बनते हैं, और यदि टैक्स भरते हैं तो खुद को अश्लीलता कानून के तहत फंसा लेते हैं। कई मामलों में अपनी आय घोषित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को टैक्स नोटिस के साथ-साथ अवैध सामग्री बनाने के कानूनी नोटिस भी थमा दिए गए। आंकड़ों के मुताबिक, केवल वर्ष 2023 में 7,900 से अधिक यूक्रेनियन ने प्रमुख ऑनलाइन एडल्ट प्लेटफॉर्म्स के जरिए 131 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की थी, जिसे अब सरकार आधिकारिक राजस्व का जरिया बनाना चाहती है।
