इजरायली PM नेतन्याहू का सनसनीखेज दावा, बोले- ईरान ने मेरे एक बेटे को मारने की कोशिश की

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि ईरान ने उनके परिवार को निशाना बनाया था और उनके एक बेटे की हत्या की कोशिश भी की गई। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कथित हमला कब हुआ था और उनके किस बेटे को निशाना बनाया गया।

नेतन्याहू का दावा: ईरान ने बेटे की हत्या की कोशिश की
नेतन्याहू का दावा: ईरान ने बेटे की हत्या की कोशिश की

तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दावा किया है कि ईरान ने उनके बेटे की हत्या करने की कोशिश की थी। इजरायल के चैनल 14 से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने बेहद खतरनाक कदम उठाते हुए सीधे उनके परिवार को निशाना बनाने का प्रयास किया है। हालांकि, नेतन्याहू ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि हत्या की यह कथित कोशिश हाल के दिनों में हुई थी या पहले, और न ही उन्होंने इस घटना के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू के दो बेटे—यायर (बड़ा बेटा) और एवनर (छोटा बेटा) हैं, लेकिन उन्होंने यह भी उजागर नहीं किया कि ईरान की इस साजिश में उनके किस बेटे को निशाना बनाने का प्रयास किया गया था। इजराइली प्रधानमंत्री के ये दावे उन रिपोर्टों पर चर्चा के दौरान सामने आए हैं, जिनमें कहा गया था कि देश की घरेलू सुरक्षा एजेंसी ‘शिन बेट’ ने आगामी चुनाव में नेतन्याहू के खिलाफ मैदान में उतरने वाले गादी आइजेनकोट को सुरक्षा देने से इनकार कर दिया था।

अपने परिवार की सुरक्षा का पुरजोर बचाव करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि उनके परिवार को मिलने वाली सुरक्षा कोई विलासिता (लक्जरी) नहीं है, बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में बेहद जरूरी है। उन्होंने ‘शिन बेट’ के साथ हुए उस समझौते का हवाला दिया जिसके तहत चुनाव हारने की स्थिति में भी उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू और उनके बेटों को कम से कम पांच साल तक कड़ा सुरक्षा घेरा प्रदान किया जाएगा। नेतन्याहू ने चेतावनी दी कि यदि पर्याप्त सुरक्षा न हो तो उनके विरोधियों को सफलता मिल सकती है, इसलिए इस विषय पर आलोचना करने वालों को थोड़ा संयम बरतना चाहिए।

चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, माना जा रहा है कि यह कथित हमला तब हुआ जब बड़े बेटे यायर इजरायल में मौजूद नहीं थे। उल्लेखनीय है कि यायर 2024 से अमेरिका के मियामी शहर में रह रहे हैं और वहीं शिन बेट की सुरक्षा में तैनात हैं, जबकि छोटे बेटे एवनर का अधिकांश समय इजरायल में ही बीता है।

इजरायल में कई विशेषज्ञ और विपक्षी दल विदेश में रह रहे यायर को चौबीसों घंटे मिलने वाली वीआईपी सुरक्षा पर सवाल उठाते रहे हैं। गौरतलब है कि नेतन्याहू के परिवार को शिन बेट की विशेष सुरक्षा देने का निर्णय मार्च 2023 में तब लिया गया था, जब तेल अवीव के एक सैलून के बाहर सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के घिर जाने के बाद उनकी पत्नी सारा ने जान का खतरा महसूस होने की बात कही थी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale