Iran-US Tensions: ईरान और अमेरिका के बीच गहराते सैन्य तनाव ने अब युद्ध जैसी स्थिति पैदा कर दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बिगड़ते हालातों के मद्देनजर एक बेहद महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए वहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है।
दूतावास ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जो भी भारतीय छात्र, व्यापारी या पर्यटक वर्तमान में ईरान में हैं, वे उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों या अन्य रास्तों का उपयोग कर जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकल जाएं। इसके साथ ही, भारत सरकार ने उन सभी लोगों से भी सावधानी बरतने को कहा है जो वहां रहने को मजबूर हैं।
तनाव की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व सीआईए अधिकारी जॉन किरियाकोऊ ने दावा किया है कि अमेरिका किसी भी समय ईरान पर बड़ा सैन्य हमला शुरू कर सकता है। हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुरुआत में ईरान को कुछ दिनों की मोहलत देने की बात कही थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक व्हाइट हाउस ने हमले की पूरी तैयारी कर ली है और यह आज या कल में ही शुरू हो सकता है।

दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय मूल के लोगों (PIO) को भी विरोध प्रदर्शन वाली जगहों से दूर रहने और स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखने के लिए आगाह किया है।
भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने कई इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। प्रशासन ने सभी भारतीयों से अपील की है कि वे तुरंत दूतावास की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करा लें ताकि किसी भी संकट की स्थिति में उन तक मदद पहुंचाई जा सके।
ईरान के भीतर भी खामेनेई सरकार के खिलाफ हो रहे आंतरिक प्रदर्शनों ने स्थिति को और नाजुक बना दिया है। ऐसे में भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती और इसी वजह से यह बड़ी एडवाइजरी जारी की गई है।
