नई दिल्ली: भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। पाकिस्तान ने 28 जून को अफगानिस्तान के खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों में एयरस्ट्राइक की थी। भारत सरकार ने कहा कि अफगानिस्तान के क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की वह कड़ी निंदा करता है। इन हमलों में कई निर्दोष नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
भारत सरकार के बयान में कहा गया कि पाकिस्तान की यह खुली आक्रामक कार्रवाई न केवल अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है, बल्कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए भी सीधा खतरा है। बयान के अनुसार, यह घटना पाकिस्तान के लगातार लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाती है। साथ ही इसे अपने आंतरिक संकटों और विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए सीमाओं के पार हिंसा का सहारा लेने की एक निरर्थक और हताश कोशिश बताया गया।
भारत ने उन अफगान परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है, जिन्होंने इस हमले में अपने प्रियजनों को खोया है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराया है।
बताया गया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हवाई और जमीनी, दोनों तरह से हमला किया। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक हताहत हुए हैं।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद लंबे समय से जारी है। दोनों देशों के बीच डूरंड लाइन को लेकर मतभेद हैं। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में टीटीपी जैसे समूह छिपकर पाकिस्तान में हमले करते हैं। टीटीपी को पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा खतरा माना जाता है। वर्ष 2021 में तालिबान के अफगानिस्तान की सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान को दोनों देशों के संबंधों में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन इसके विपरीत टीटीपी की गतिविधियों में वृद्धि दर्ज की गई।
