Pakistan Imran Khan Sisters: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर राजनीतिक गलियारों में अफवाहों का बाज़ार गर्म है, खासकर जेल में उनकी हत्या कराए जाने की चर्चाएँ तेज़ हैं, जिससे उनके समर्थकों के बीच उबाल है। इसी बीच, इमरान खान की तीन बहनों ने गंभीर दावा किया है कि वे पिछले तीन सप्ताह से अपने भाई से मिल नहीं सकी हैं। जब उन्होंने भाई से मुलाकात कराने की मांग की, तो पुलिस ने उन पर और समर्थकों पर बर्बरता से लाठियाँ बरसाईं।
इमरान खान की बहनें नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान ने दावा किया है कि पुलिस ने उनकी पिटाई की है। रावलपिंडी स्थित अदियाला जेल के बाहर इमरान खान के समर्थक बड़ी संख्या में जुटे और सरकार तथा सेना के खिलाफ नारेबाजी की। इमरान खान 2023 से ही जेल में बंद हैं, और उनकी पार्टी पीटीआई का कहना है कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे समर्थकों और बहनों की बुरी तरह से पिटाई की। पार्टी ने इस मामले की निष्पक्षता से जांच किए जाने की मांग की है।
“71 साल की उम्र में बाल पकड़कर घसीटा गया”
इमरान खान की बहनों ने पंजाब पुलिस के चीफ उस्मान अनवर को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनकी और समर्थकों की बिना किसी उकसावे के बुरी तरह से पिटाई की गई।
नूरीन नियाजी ने अपने पत्र में लिखा, “हम इमरान खान की सेहत को लेकर चिंतित थे, इसीलिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। हमने न तो कोई रास्ता बंद किया और न ही जनता को कोई असुविधा हुई। इसके बावजूद पुलिस ने हमारे लोगों को बिना किसी उकसावे के ही पीटना चालू कर दिया। यह बेहद क्रूर हमला था।” उन्होंने दावा किया कि उन्हें 71 साल की उम्र में बाल पकड़ कर घसीटा गया और उन्हें चोटें आई हैं।
वकीलों को भी मिलने की अनुमति नहीं
अफगानिस्तान की मीडिया में भी इमरान खान की हत्या होने की आशंका वाली खबरें प्रकाशित हुई हैं। इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान की सरकार, सेना या जेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। इस चुप्पी के कारण आशंकाएँ गहराती जा रही हैं कि आखिर इमरान खान की सेहत कैसी है और वे जीवित हैं या नहीं।
यही नहीं, इमरान खान के वकीलों की भी शिकायत है कि उन्हें अपने मुवक्किल से मिलने की अनुमति नहीं मिल रही है। वकील खालिद युसूफ चौधरी का कहना है कि उनकी मुलाकात इमरान खान से नहीं हो सकी है, और उन तक जरूरी चीजें भी नहीं पहुँचने दी जा रहीं।
