लंदन: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। लंदन स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर पहलगाम हमले के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे भारतीयों को पाकिस्तानी उच्चायोग के एक सैन्य अधिकारी ने गला काटने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार, जब भारतीय प्रदर्शनकारी उच्चायोग के बाहर एकत्रित होकर शोक व्यक्त कर रहे थे, तभी उच्चायोग की बालकनी से एक व्यक्ति, जिसकी पहचान कर्नल तैमूर राहत के रूप में हुई है, बाहर आया और उसने प्रदर्शनकारियों की ओर देखकर गला काटने का इशारा किया। हैरानी की बात यह है कि जिस बालकनी से यह हरकत की गई, वहां एक बोर्ड लगा था जिस पर लिखा था – “Chai is Fantastic.” यह कृत्य स्पष्ट रूप से भारतीयों को उकसाने और उनका अपमान करने का प्रयास था।
वहां मौजूद भारतीय छात्रों ने इस शर्मनाक घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। प्रदर्शन में शामिल तेजस भारद्वाज, जो लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं, ने बताया कि पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी खुलेआम गला काटने की धमकी दे रहा था।
यह घटना तब हुई जब बड़ी संख्या में लंदन पुलिस प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थी। प्रदर्शनकारियों ने इस हरकत को पाकिस्तान की मानसिकता और भारत के प्रति उसकी शत्रुतापूर्ण रवैये का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई मौतों के प्रति पाकिस्तान की संवेदनहीनता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
तेजस भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि इस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाया जाए और पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कैप्टन अभिनंदन वर्धमान की तस्वीर भी दिखाई, जो पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के लड़ाकू विमान को मार गिराने के लिए हीरो माने जाते हैं। पाकिस्तानी अधिकारी द्वारा उनकी तस्वीर के सामने गला काटने का इशारा करना भारतीयों को और अधिक आक्रोशित कर गया है।
