Earthquake in Turkey: पश्चिमी तुर्की में सोमवार रात को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यह घटना तुर्की के बालिकेसिर प्रांत के सिन्दिरगी कस्बे में हुई।
तुर्की की आपदा और आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी AFAD के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। स्थानीय समय के अनुसार रात 10 बजकर 48 मिनट पर आए इस भूकंप का केंद्र ज़मीन से सिर्फ 6 किलोमीटर नीचे था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सिन्दिरगी में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी की मौत या गंभीर घायल होने की खबर नहीं आई है। निजी समाचार चैनल NTV और हाबरटुर्क ने बताया कि झटके इस्तांबुल, बुर्सा, मनीसा और इज़मिर जैसे बड़े शहरों में भी महसूस किए गए।
गौर करने वाली बात यह है कि इसी इलाके में अगस्त महीने में भी 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। तब से इस क्षेत्र में छोटे झटके लगातार महसूस किए जा रहे हैं, जिससे लोग डर के माहौल में जी रहे हैं।
🚨BREAKING: Some buildings collapsed and electricity was cut off in the earthquake that occurred in Sındırgı district of Balıkesir, Turkey. pic.twitter.com/0a1VoJE8ka
— World Source News (@Worldsource24) October 27, 2025
तुर्की भौगोलिक रूप से ऐसी जगह स्थित है जहाँ मुख्य फॉल्ट लाइनें (दरारें) गुजरती हैं, इसलिए यहां भूकंप अक्सर आते रहते हैं। साल 2023 में आए 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में 53,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे और हजारों इमारतें ढह गई थीं। उस भूकंप का असर सीरिया तक पहुंचा था, जहां 6,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है। प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
