New York Central Park Tragedy: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मशहूर सेंट्रल पार्क में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय भारतीय किशोर रोमांच महाजन की मौत हो गई। परिवार के साथ न्यूयॉर्क की पहली यात्रा पर पहुंचे रोमांच की जान अपनी मां को बचाने की कोशिश में चली गई। घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब रोमांच अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ सेंट्रल पार्क में घोड़ा-बग्घी की सवारी कर रहा था। बताया गया कि बग्घी चालक परिवार की तस्वीर लेने के लिए कुछ देर के लिए रुका था। इसी दौरान घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया और तेज रफ्तार से दौड़ने लगा। घोड़ा फुटपाथ पर चढ़ गया और पार्क के घास वाले हिस्से की ओर भागने लगा, जबकि चालक उसे रोकने के लिए पीछे दौड़ता रहा।
रोमांच के पिता दीपक महाजन ने बताया कि घोड़ा बेकाबू होने के बाद पूरा परिवार मदद के लिए चिल्ला रहा था। इसी बीच उनकी पत्नी प्रिया महाजन बग्घी से नीचे गिर गईं। मां को गिरता देख रोमांच उन्हें बचाने के लिए तुरंत बग्घी से कूद पड़ा। पिता के अनुसार, वह लगातार अपनी मां को पुकार रहा था और उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घोड़ा काफी तेज गति से भाग रहा था। एक स्थानीय महिला ने बताया कि चीख-पुकार सुनते ही उसने तुरंत आपातकालीन सेवा 911 पर फोन किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने घोड़े की रफ्तार कम करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में रोमांच का सिर जमीन से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसके माता-पिता और छोटे भाई को मामूली चोटें आईं। बताया गया कि बेकाबू बग्घी एक अन्य बग्घी से भी टकरा गई थी, जिसके बाद वह पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद सेंट्रल पार्क में चलने वाली घोड़ा-बग्घियों की सुरक्षा को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। बग्घी चालकों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ने भी इस हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि चालक को तस्वीर लेने के लिए बग्घी छोड़कर नहीं जाना चाहिए था। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस बीच स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पार्क में घोड़ा-बग्घी सेवा पर रोक लगाने की मांग दोहराई है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में पार्क और उसके आसपास घोड़ों से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं। रोमांच महाजन की मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल और भी गहरे हो गए हैं।
परिवार की खुशियों भरी पहली न्यूयॉर्क यात्रा कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। मां को बचाने के लिए उठाया गया रोमांच का साहसी कदम उसकी जिंदगी का आखिरी कदम साबित हुआ और यह घटना अब पूरे समुदाय को झकझोर रही है।
