चंडीगढ़: पंजाब राज्य महिला आयोग ने मशहूर गायक यो यो हनी सिंह और करण औजला के खिलाफ स्वतः संज्ञान (सू मोटो) लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने दोनों कलाकारों को 11 अगस्त 2025, सोमवार को आयोग के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।
महिला आयोग ने हनी सिंह के गीत ‘मिलियनेयर’ और करण औजला के गीत ‘एमएफ गभरू’ को लेकर आपत्ति जताई है। आयोग का कहना है कि इन गानों में महिलाओं के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो समाज में गलत संदेश फैलाने वाला है।
इस मामले में महिला आयोग ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग की है। आयोग चाहती है कि इन गानों की भाषा और संदेश की गहन जांच हो और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्यवाही की जाए।
पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा और सोच को बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
