भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इस जीत पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी गई है।
इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक इनामी राशि की घोषणा की है।
बीसीसीआई सचिव ने दी जानकारी
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया कि टीम इंडिया को कुल 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है और बोर्ड खिलाड़ियों, सहायक कर्मचारियों तथा चयनकर्ताओं को इस शानदार सफलता पर बधाई देता है।
शानदार प्रदर्शन के साथ जीता खिताब
टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने केवल एक मैच में हार का सामना किया, जबकि बाकी सभी मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में टीम ने 250 से अधिक का विशाल स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस जीत के साथ भारत ने न केवल अपना खिताब बचाया, बल्कि मेजबान देश के रूप में टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। साथ ही, तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बनकर भी नया इतिहास रचा।
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) March 10, 2026
BCCI announces a cash reward of INR 131 crore for #TeamIndia following their triumphant campaign in the ICC Men’s T20 World Cup 2026.
🔽 Details | #T20WorldCup | #MenInBlue https://t.co/eagTz1eOUb
अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि
131 करोड़ रुपये की यह घोषणा विश्व विजेता टीम के लिए सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक मानी जा रही है। इसके साथ ही बीसीसीआई ने अपना ही पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 जीतने पर खिलाड़ियों के लिए 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया था।
2024 में ऐसे हुआ था इनाम का बंटवारा
जुलाई 2024 में जब भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप 2024 जीता था, तब खिलाड़ियों को वानखेड़े स्टेडियम में पुरस्कार राशि का चेक सौंपा गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक उस समय टीम के 15 मुख्य खिलाड़ियों को 5-5 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके अलावा चार रिजर्व खिलाड़ियों रिंकू सिंह, शुभमन गिल, आवेश खान और खलील अहमद को 1-1 करोड़ रुपये मिले थे।
उस अभियान में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को 2.5 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसी तरह बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग कोच को भी 2.5-2.5 करोड़ रुपये दिए गए थे, जबकि बैक-रूम स्टाफ के सदस्यों को 2-2 करोड़ रुपये की राशि मिली थी।
इस तरह करीब 36 लोगों के बीच यह इनामी राशि बांटी गई थी। ऐसे में टी20 विश्व कप 2026 की 131 करोड़ रुपये की राशि से टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ को इस बार भी बड़ी इनामी रकम मिलने की संभावना है।
