उत्तराखंड: उत्तरकाशी जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने आज रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि क्षेत्र में भारी से भी भारी बारिश हो सकती है। इस अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो रहे हैं, जिससे मार्ग बाधित हो गया है और सैकड़ों राहगीर एवं वाहन फंसे हुए हैं। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति भी गंभीर है—30 से अधिक ग्रामीण मोटरमार्ग बंद हो गए हैं, जिससे लोगों के आवागमन पर बुरी तरह असर पड़ा है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम सड़क मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है। भारी बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
