भारतीय सिनेमा और रंगमंच के दो दिग्गज अभिनेताओं, नसीरुद्दीन शाह और पीयूष मिश्रा के बीच हाल ही में जुबानी जंग छिड़ गई है। विवाद की शुरुआत दिल्ली नीट प्रोटेस्ट (NEET Protest) पर बॉलीवुड हस्तियों की चुप्पी को लेकर नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी से हुई थी। इसके बाद झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पहुँचे पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह पर पलटवार करते हुए वहाँ समर्थन न दिखाने पर सवाल खड़े किए। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर से सक्रिय हो गई है और उसने मुंबई के शिवाजी पार्क में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हुए।
पीयूष मिश्रा ने वीडियो जारी कर दागे तीखे सवाल
नसीरुद्दीन शाह के सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने के बाद पीयूष मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर उन पर तंज कसा और देश-विदेश की कई हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए उनसे सीधे सवाल पूछे। पीयूष ने अभिजीत दिपके से मुलाकात का संदर्भ देते हुए कहा कि फ्लाई दुबई की फ्लाइट 1073 में स्मिथ मच्छार नाम के व्यक्ति ने बहादुरी दिखाकर 180 यात्रियों की जान बचाई, जिस पर नसीर साहब को भी उन्हें बधाई देनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में पुलिस द्वारा छात्राओं के साथ की गई कथित बदसलूकी और आगजनी की घटना पर नसीरुद्दीन शाह को प्रतिक्रिया देने की सलाह दी, साथ ही उनके उस पुराने बयान पर चुटकी ली जिसमें शाह ने छात्रों से अभिनय सीखने की बात कही थी।
झारखंड संकट और पाकिस्तानी शायरा की नज्म पर तंज
पीयूष मिश्रा ने झारखंड के छात्र आंदोलन और वहां के हालातों का जिक्र करते हुए नसीरुद्दीन शाह से अपनी पुरानी नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने झारखंड के जरूरतमंदों के लिए शाह से मदद मांगी थी, तो जवाब में उन्हें एक पाकिस्तानी शायरा की नज्म भेजी गई थी। इस पर पीयूष ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वहां के लोगों को किसी शायरा की नज्म की नहीं, बल्कि आटा, दाल, रोटी, गुड़, लिट्टी और चोखा जैसी बुनियादी चीजों की जरूरत थी, न कि किसी पिज्जा या बर्गर की। वीडियो के अंत में पीयूष ने ‘आपका बच्चा पीयूष मिश्रा, इंकलाब जिंदाबाद’ कहते हुए अपनी बात समाप्त की।
