OJP vs CJP: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से चर्चाओं में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP को अब एक नया प्रतिद्वंद्वी मिल गया है। इंटरनेट पर अब OJP यानी ‘ओगी जनता पार्टी’ तेजी से चर्चा में आ रही है। दावा किया जा रहा है कि OJP खास तौर पर CJP की आलोचना करने और उसके प्रभाव को चुनौती देने के मकसद से बनाई गई है। हालांकि लोकप्रियता के मामले में OJP अभी CJP से काफी पीछे नजर आ रही है।
OJP ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स में आरोप लगाया है कि CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके का संबंध Aam Aadmi Party से रहा है। OJP का दावा है कि दिपके पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया और चुनाव प्रचार अभियान में वॉलंटियर के तौर पर काम कर चुके हैं। हालांकि इन दावों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
अपने सोशल मीडिया पेज पर OJP ने खुद को सभी तरह के “कीड़ों” के खिलाफ अभियान चलाने वाला समूह बताया है। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों का एक कोलाज साझा करते हुए लिखा, “जिस मिट्टी के नौजवान तलवारों की धार पर बने हों, वो खुद को ‘कॉकरोच’ कहने में गर्व महसूस कर रहे हैं। यह असल में देश में बेरोजगारी का लक्षण है।”
इसके साथ ही OJP ने जानवरों के अधिकारों को लेकर 6-सूत्रीय घोषणापत्र भी जारी किया है। इसमें आवारा जानवरों के लिए मुफ्त इलाज, पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त कानून और पशु संरक्षण से जुड़े कई मुद्दे शामिल किए गए हैं। OJP ने हाल ही में NEET पेपर लीक मामले पर भी प्रतिक्रिया दी है। अपने इंस्टाग्राम बायो में संगठन ने स्पष्ट लिखा है कि वह किसी भी राजनीतिक दल के समर्थन से संचालित नहीं हो रहा है। फिलहाल OJP के सोशल मीडिया अकाउंट पर 9 हजार से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं।
दरअसल, CJP यानी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ एक सटायर सोशल मीडिया पेज है, जो भारत के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर व्यंग्यात्मक कंटेंट बनाता है। यह पेज नेताओं के भाषणों, सरकारी फैसलों और ट्रेंडिंग मुद्दों पर मीम्स, वीडियो और ट्रोल पोस्ट्स के जरिए टिप्पणी करता रहा है। इसी वजह से इसने इंटरनेट पर बड़ी संख्या में युवा फॉलोअर्स बनाए।
हालांकि कुछ समय पहले CJP का मुख्य अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने ‘Cockroach is Back’ नाम से नया पेज शुरू किया। नए अकाउंट को भी सोशल media पर तेजी से लोकप्रियता मिली और लाखों यूजर्स इससे जुड़ गए।
सोशल मीडिया पर अब CJP और OJP के समर्थकों के बीच बहस और मीम वॉर भी देखने को मिल रही है। इंटरनेट यूजर्स इस पूरे घटनाक्रम को एक नए तरह की डिजिटल सटायर राजनीति के रूप में देख रहे हैं, जहां सोशल मीडिया पेज खुद को “जनता पार्टी” बताकर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर व्यंग्य कर रहे हैं।
