नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की मैंगनीज अयस्क खनन कंपनी मॉयल लिमिटेड (MOIL) ने जुलाई 2025 में कठिन मौसम परिस्थितियों के बावजूद 1.45 लाख टन मैंगनीज अयस्क का उत्पादन कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि (CPLY) की तुलना में 12% अधिक है।
मॉयल ने भारी वर्षा के बावजूद अप्रैल से जुलाई 2025 की अवधि में भी सशक्त परिचालन निष्पादन बनाए रखा। इस दौरान कंपनी ने
- 6.47 लाख टन उत्पादन किया, जो वर्ष-दर-वर्ष 7.8% की वृद्धि दर्शाता है।
- 5.01 लाख टन की बिक्री की, जो 10.7% अधिक रही।
- साथ ही 43,215 मीटर अन्वेषण ड्रिलिंग भी की गई, जो 11.4% की वृद्धि को दर्शाता है।
मॉयल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजीत कुमार सक्सेना ने इस उपलब्धि के लिए कंपनी की पूरी टीम को बधाई दी और प्रतिकूल परिस्थितियों में भी उत्पादन और बिक्री बढ़ाने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन मॉयल की परिचालन क्षमता और कर्मचारियों की समर्पित मेहनत को दर्शाता है।
