बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु की सड़कों पर रफ़्तार और रसूख के प्रदर्शन का एक बेहद खतरनाक मामला सामने आया है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार एमजी रोड स्थित अनिल कुंबले सर्कल के पास शनिवार तड़के एक लैम्बोर्गिनी कार से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय को पूछताछ के लिए तलब किया है और घटना में इस्तेमाल की गई करोड़ों की लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है।
घटना शनिवार तड़के 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब एमजी रोड की सड़कों पर लैम्बोर्गिनी सवारों ने लापरवाही से वाहन चलाकर अन्य चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में डाली। सर्विलांस कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार सवार बीच सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। वीडियो वायरल होते ही कुब्बन पार्क ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी। शनिवार देर शाम पुलिस की एक टीम ने सदाशिवनगर के आरएमवी एक्सटेंशन स्थित रिकी राय के आवास पर पहुंचकर वाहन को ढूंढ निकाला और उसे कब्जे में ले लिया।
पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि यह लैम्बोर्गिनी कार मूल रूप से दिल्ली के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत थी, जिसे बाद में रिकी राय ने खरीदा था। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में कार के भीतर दो लोग दिखाई दे रहे हैं, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्टंट के वक्त स्टीयरिंग किसके हाथ में था। इसी गुत्थी को सुलझाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रिकी राय को शनिवार रात और रविवार को दो अलग-अलग नोटिस जारी कर जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है। हालांकि, रिकी राय की ओर से अभी तक इन नोटिसों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या जवाब नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि रिकी राय के पिता मुथप्पा राय 1980 और 90 के दशक में कर्नाटक के अंडरवर्ल्ड का एक बड़ा और खौफनाक चेहरा थे। बेंगलुरु के अपराध जगत में उनका खासा दबदबा था और उन पर हत्या, रंगदारी और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। अब उनके बेटे का नाम इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना सड़क स्टंट में आने से पुलिस प्रशासन बेहद सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
