कौशांबी में आंधी-तूफान का तांडव, कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से मां और दो मासूम बच्चों समेत 4 की मौत

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। पश्चिम शरीरा और पइंसा कोतवाली क्षेत्र में मकान ढहने और टीन शेड गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के पश्चिम शरीरा और पइंसा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत देर रात करीब 3:00 बजे आए तेज चक्रवाती तूफान के कारण हुए अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक गांव में कच्चे मकान पर नीम का विशालकाय पेड़ गिरने से मलबे में दबकर मां और उसके दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल है। वहीं दूसरे हादसे में सोते समय एक अधेड़ के ऊपर टीन शेड गिर जाने से उनकी मौत हो गई। प्राकृतिक आपदा के कारण सोते समय हुए इन हादसों से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

नीम का पेड़ गिरने से जमींदोज हुआ कच्चा मकान, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

पहली दर्दनाक घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के दूनी तिवारी का पूरा गांव की है। रात करीब 3:00 बजे जब पूरा परिवार अपने घर के भीतर सो रहा था, तभी आंधी-बारिश के बीच एक पुराना और भारी-भरकम नीम का पेड़ अचानक कच्चे मकान पर भरभराकर गिर गया। पेड़ का वजन इतना ज्यादा था कि कच्चा मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया और हंसता-खेलता परिवार मलबे के नीचे दब गया। इस हादसे में 28 वर्षीय माया देवी, उनकी 5 वर्षीय बेटी श्वेता और 4 वर्षीय बेटे अनुभव की मौके पर ही मलबे में दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, मृतका का 8 वर्षीय बेटा अंकुश इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर मलबे को हटाकर पीड़ितों को बाहर निकाला।

टीन शेड गिरने से दूसरी मौत, पुलिस और प्रशासन मौके पर

आपदा के बीच दूसरा हादसा पइंसा कोतवाली क्षेत्र के शाखा पहाड़पुर गांव में हुआ। यहाँ देर रात अपने घर में सो रहे अधेड़ चंद्रभान के ऊपर तेज आंधी के कारण उड़कर आया एक भारी टीन शेड अचानक गिर गया। टीन शेड की चपेट में आने और गंभीर चोटें लगने की वजह से चंद्रभान ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों हादसों की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही राजस्व और प्रशासन की टीमें भी पीड़ितों के घर पहुंचकर हुए नुकसान का आकलन करने में जुट गई हैं।

डीएसपी ने दी घटना की आधिकारिक जानकारी

मामले की पुष्टि करते हुए कौशांबी के डीएसपी जेपी पांडे ने बताया कि देर रात आए भीषण आंधी-तूफान के चलते कच्चे मकान पर पेड़ गिरने की दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों सहित कुल 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1 बच्चा घायल हुआ है। घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा मौके पर सभी आवश्यक विधिक व राहत कार्रवाई की जा रही है। इस भयानक प्राकृतिक आपदा और मौतों के बाद से दोनों गांवों समेत पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale