JSW-Chery Partnership: भारत में दिखी iCar V23 इलेक्ट्रिक SUV, थार EV और नेक्सॉन EV की बढ़ेगी मुश्किलें

भारतीय ऑटो बाजार में एक नई इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर एसयूवी की एंट्री की तैयारी चल रही है। चीन की ऑटो कंपनी Chery की इलेक्ट्रिक SUV Chery iCar V23 को हाल ही में भारत की सड़कों पर भारी कैमोफ्लाज के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।

Chery iCar V23
Chery iCar V23

भारतीय ऑटो बाजार में एक नई इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर एसयूवी की एंट्री की तैयारी चल रही है। चीन की ऑटो कंपनी Chery की इलेक्ट्रिक SUV Chery iCar V23 को हाल ही में भारत की सड़कों पर भारी कैमोफ्लाज के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। यह मॉडल भारत में JSW Motors के साथ साझेदारी के तहत लॉन्च किया जा सकता है और इसे नए JSW ब्रांड के तहत पेश किए जाने की संभावना है।

माना जा रहा है कि यह इलेक्ट्रिक मिडसाइज SUV लाइफस्टाइल ऑफ-रोडर सेगमेंट में उतरेगी और डिजाइन के मामले में काफी हद तक Mahindra Thar EV जैसी रग्ड स्टाइलिंग दिखा सकती है। बाजार में इसका मुकाबला लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV जैसे Tata Nexon से भी हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक JSW मोटर्स की पहली इलेक्ट्रिक कार 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत तक लॉन्च की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर निर्माण होने की वजह से इसकी कीमत अपेक्षाकृत किफायती रहने की उम्मीद है।

डिजाइन और डायमेंशन की बात करें तो iCar V23 का लुक काफी बॉक्सी और ऑफ-रोडिंग स्टाइल वाला है। इसकी लंबाई लगभग 4220 मिमी, चौड़ाई 1915 मिमी और ऊंचाई करीब 1845 मिमी बताई जा रही है, जबकि व्हीलबेस 2730 मिमी का है। इसमें ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस, फ्लेयर्ड व्हील आर्च, सीधी विंडशील्ड और राउंड हेडलैंप्स जैसे डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। इसकी स्टाइलिंग में Land Rover Defender, Toyota Land Cruiser और Mercedes‑Benz G‑Class जैसी ऑफ-रोड SUVs से प्रेरणा दिखाई देती है, जिससे इसे नियो-रेट्रो और रग्ड लुक मिलता है।

कार के केबिन में आधुनिक और रेट्रो डिजाइन का मिश्रण देखने को मिल सकता है। इसमें 15.4 इंच का बड़ा फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है, जिसमें Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा फ्लैट-लेयर्ड डैशबोर्ड, टच और फिजिकल HVAC कंट्रोल्स, 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और रेट्रो-स्टाइल सेंटर कंसोल जैसे एलिमेंट्स दिए जाने की उम्मीद है। फ्रंट सीट्स इलेक्ट्रिक और वेंटिलेटेड हो सकती हैं और इन्हें 180 डिग्री तक फोल्ड करने की सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा 540-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा, 7-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और PM2.5 एयर फिल्टर जैसी सुविधाएं भी मिलने की संभावना है।

सेफ्टी के लिहाज से इसमें L2 लेवल ADAS फीचर्स दिए जा सकते हैं, जिनमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन कीप असिस्ट और ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन शामिल हो सकते हैं। इसके साथ पार्किंग असिस्ट, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा परीक्षण में इसे ASEAN NCAP में 5-स्टार रेटिंग और करीब 91 अंक मिले हैं। सुरक्षा फीचर्स में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ABS, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और पैदल यात्री सुरक्षा जैसे सिस्टम शामिल हो सकते हैं।

पावरट्रेन की बात करें तो यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक SUV होगी। इसके रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट में सिंगल मोटर के साथ लगभग 136 पीएस की पावर और 180 एनएम टॉर्क मिलने की संभावना है, जिसे करीब 59.93 kWh बैटरी पैक से जोड़ा जा सकता है। इस सेटअप के साथ लगभग 401 किलोमीटर (CLTC) तक की रेंज मिल सकती है। वहीं ऑल-व्हील ड्राइव डुअल मोटर वेरिएंट में लगभग 211 पीएस पावर और 292 एनएम टॉर्क के साथ 81.76 kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है, जिससे 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज मिलने की उम्मीद है। यह वेरिएंट लगभग 7.5 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है और इसकी टॉप स्पीड करीब 140 किमी प्रति घंटे बताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय बाजार के हिसाब से इसके पावरट्रेन और सस्पेंशन सेटअप में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। अगर यह SUV तय समय पर लॉन्च होती है तो इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर सेगमेंट में यह एक नया विकल्प बनकर उभर सकती है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale