दांबुला: इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 66 रनों से हराकर ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार (21 जून) को रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के सबसे बड़े नायक युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने केवल 29 गेंदों में 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया-ए ने पावरप्ले में ही मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
खिताबी जीत के बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी और हाल के दिनों में उठे सवालों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव को लेकर चर्चा थी कि वह लंबी पारियां और 50 ओवर के क्रिकेट में खुद को किस तरह ढालेंगे। हालांकि फाइनल में उनकी पारी ने इन सवालों का जवाब दे दिया।
मैच के बाद वैभव ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं सोचा था। उनका फोकस केवल शुरुआती 10 ओवरों का पूरा फायदा उठाने और अपनी रणनीति को लागू करने पर था। उन्होंने कहा, “मैं ज्यादा नहीं सोच रहा था। बस पहले 10 ओवरों का पूरा फायदा उठाना चाहता था और जो योजना बनाई थी उसे लागू करना चाहता था।”
“I've learned a lot, but I've played 50 overs a lot. People don't seem to know. (laughs) Different conditions, different pitches, a little different to play, but it was fun and a good series.”
— Cricketopia (@CricketopiaCom) June 21, 2026
~ Vaibhav Sooryavanshi pic.twitter.com/0RvXQ8Twx6
जब उनसे उम्मीदों के दबाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने किसी तरह का दबाव महसूस नहीं किया। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में उनकी योजनाएं सफल नहीं हो रही थीं। वैभव ने कहा, “कोई दबाव नहीं था, लेकिन मैं जो प्लान बना रहा था, वो सफल नहीं हो रहा था। मैंने कोचों से बात की और अभ्यास में उस पर काम किया। आज वो प्लान सफल रहा और नतीजा अपने आप सामने आ गया।”
सीरीज से मिली सीख के बारे में पूछे जाने पर वैभव का जवाब चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कहा, “मैंने इस सीरीज से बहुत कुछ सीखा है। लेकिन मैं 50 ओवर्स काफी खेल चुका है, लोगों को शायद मालूम नहीं है।”
युवा बल्लेबाज ने आगे कहा कि अलग-अलग परिस्थितियों और पिचों पर खेलना चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन उन्होंने इसका पूरा आनंद लिया। उन्होंने कहा, “अलग कंडीशन्स, अलग पिचें और खेलने का तरीका भी थोड़ा अलग था, लेकिन मुझे मजा आया। यह एक अच्छी सीरीज रही।”
आईपीएल 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब वह इस अनुभव को आगे के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भुनाने की कोशिश करेंगे, जहां उनसे बड़ी पारियों और मैच जिताऊ प्रदर्शन की उम्मीद की जाएगी।
