‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले द्वारा लगाए गए गंभीर यौन शोषण के आरोपों के बाद अब फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो जारी कर सनोज मिश्रा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा का ‘ब्रेनवॉश’ किया गया है और उसे उनके खिलाफ बोलने के लिए उकसाया जा रहा है।
‘बेटी की तरह मानता था, अब जान का खतरा बता रही’
सनोज मिश्रा ने वीडियो में बेहद भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने मोनालिसा को हमेशा एक गुरु और पिता की तरह संरक्षण दिया। उन्होंने कहा, “यह वही लड़की है जिसे मैं पढ़ाया करता था। मेरे अपने बच्चे मुझसे नाराज रहते थे कि मैं उन्हें कम और मोनालिसा को ज्यादा समय देता हूं। आज वही लड़की कह रही है कि उसे मुझसे जान का खतरा है।” सनोज ने आगे कहा कि मोनालिसा ने इससे पहले के अपने हर वीडियो में उनकी तारीफ की थी, लेकिन अब अचानक लगाए जा रहे ये आरोप बताते हैं कि इसके पीछे गहरी साजिश है।
साजिश में ‘जिहादी तत्व और मिशनरी’ शामिल: सनोज मिश्रा
निर्देशक ने इस पूरे मामले को सांप्रदायिक रंग देते हुए कहा कि चूंकि वे देश भर में ‘लव जिहाद’ के खिलाफ अभियान चला रहे थे, इसलिए कुछ लोग उनके पीछे पड़ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “जिहादी तत्वों के साथ-साथ केरल के कुछ क्रिश्चियन मिशनरी अब एकजुट होकर मेरे खिलाफ साजिश रच रहे हैं। केरल में जहां बड़े नेता ऐसे रिश्तों को बढ़ावा दे रहे हैं, वहां सनातन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।” उन्होंने इसे ‘The Real Kerala Story’ का हिस्सा बताया।
“यह मेरा आखिरी वीडियो हो सकता है”
वीडियो के कैप्शन में सनोज मिश्रा ने एक डरावना संकेत देते हुए लिखा, “साथियों, हो सकता है कि यह मेरा आखिरी वीडियो हो।” उन्होंने प्रशासन से अपील की कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसका संज्ञान लिया जाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि वे इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और ‘हिंदू राष्ट्र’ के अपने संकल्प पर अडिग रहेंगे।
क्या था मोनालिसा का आरोप?
इससे पहले कोच्चि में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा ने रोते हुए आरोप लगाया था कि सनोज मिश्रा ने उन्हें कई बार गलत तरीके से छुआ। उन्होंने दावा किया था कि जब उन्होंने अपने परिवार को इस बारे में बताया, तो परिवार ने फिल्म करियर का हवाला देकर उन्हें चुप करा दिया। मोनालिसा ने यह भी कहा था कि सनोज मिश्रा कम उम्र की लड़कियों का शोषण करते हैं और अब उन्हें और उनके पति फहमान को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
