Delhi weather update: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि बीते छह दिनों से पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार दोपहर से हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
सोमवार को दिल्ली में तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। हवा में नमी का स्तर 20 से 60 प्रतिशत के बीच रहा।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में तापमान में भी अंतर देखने को मिला। पालम में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री, लोदी रोड में 42.4 डिग्री, रिज में 43.8 डिग्री और आया नगर में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में 41.2 डिग्री, गाजियाबाद में 41.7 डिग्री और नोएडा में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो दोपहर तक घने हो सकते हैं। इसके बाद हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
29 अप्रैल के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन भी एक से दो दौर की हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। तापमान में गिरावट आकर अधिकतम 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि 30 अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम पंजाब के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिससे एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के असर से दिल्ली समेत इंडो-गंगेटिक मैदानों में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज होंगी।
अनुमान है कि 28 से 30 अप्रैल के बीच दोपहर और शाम के समय धूल भरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। इससे देर शाम और रात के समय कुछ राहत मिलेगी, लेकिन दिन में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। पूरे सप्ताह तापमान करीब 40 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है।
