Delhi Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। दिन के समय तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अभी तक दिल्ली में औपचारिक रूप से ‘हीटवेव’ घोषित नहीं की गई है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
IMD के मुताबिक, शुक्रवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। शहर के अन्य इलाकों में भी तेज गर्मी दर्ज की गई, जहां लोधी रोड पर 43.4 डिग्री, रिज इलाके में 44.4 डिग्री, आयानगर में 43.5 डिग्री और पालम में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही हीटवेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए अलर्ट भी जारी रखा गया है। हालांकि औपचारिक रूप से इसे अभी ‘हीटवेव’ की श्रेणी में नहीं रखा गया है, लेकिन स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बढ़ती गर्मी के पीछे कई कारण हैं। स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि पहले थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं ने तापमान को तेजी से बढ़ाया था। हालांकि हवाओं की दिशा बदलने से शुक्रवार को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह अस्थायी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और पंजाब-हरियाणा क्षेत्र के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बिजली गिरने की संभावना बन रही है, लेकिन इसका असर दिल्ली की दिन की गर्मी पर बहुत सीमित रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में हवाएं फिर से थार मरुस्थल की ओर से बहने लगेंगी, जिससे तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह स्थिति मई के अंत तक बनी रह सकती है। हालांकि जून की शुरुआत में प्री-मानसून गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार शाम दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 183 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, ताकि लू और गर्मी के असर से बचा जा सके।
