Weather Update: उत्तर भारत में सर्दी ने अब जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान लगातार गिर रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में कंपकंपाने वाली ठंड की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 4 से 5 नवंबर के बीच इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। अगर ऐसा होता है तो आने वाले दिनों में ठंड और तेज़ हो जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इस बीच, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर निम्न दबाव क्षेत्र बनने से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 4 से 6 नवंबर तक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि 5 से 7 नवंबर तक तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी वर्षा का अनुमान है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी अब महसूस की जा रही है। सुबह और शाम के समय तापमान गिरने से सिहरन बढ़ गई है। दिन में हल्की धूप राहत देती है, लेकिन शाम होते ही ठंडक बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और सुबह व रात में हल्का कोहरा रहने का अनुमान जताया है। बाइक सवारों और कामकाजी लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है।
दिल्ली में प्रदूषण से बढ़ी परेशानी
सर्दी के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के लोगों की परेशानी प्रदूषण ने भी बढ़ा दी है। हवा में घुला ज़हर अब तक कम नहीं हुआ है। अक्षरधाम इलाके का AQI 392 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की परत छाई हुई है, जिससे दृश्यता कम हो रही है। दिवाली के बाद से हवा की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है, जिससे सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें बढ़ी हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में हाल ही में मोंथा तूफान के असर से कई जिलों में भारी बारिश हुई थी। अब मौसम साफ़ रहने की संभावना है। 8 नवंबर तक राज्य में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह और शाम के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। तापमान में लगातार गिरावट से सर्दी का असर बढ़ने लगा है और रातें ठंडी हो रही हैं।
उत्तराखंड का मौसम
पहाड़ों का मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तराखंड में अब शीत लहर की शुरुआत हो गई है। पर्वतीय इलाकों में ठिठुरन और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंड दोनों बढ़ेंगे। मौसम विभाग ने 4-5 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।
