नई दिल्ली: राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (एनजेडपी) ने स्पष्ट किया है कि चिड़ियाघर की एवियरी या प्रवासी पक्षियों में जल पक्षियों की कोई नई मौत दर्ज नहीं हुई है। 1 सितंबर 2025 के बाद प्रयोगशालाओं में भेजे गए सभी नमूनों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, अब तक चिड़ियाघर के किसी भी स्तनपायी प्राणी में एच5एन1 संक्रमण नहीं पाया गया है और न ही किसी अन्य जानवर में इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई दिए हैं।
एनजेडपी प्रशासन ने बताया कि पक्षियों, जानवरों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए गहन स्वच्छता और जैव-सुरक्षा उपाय सख्ती से लागू किए जा रहे हैं। मानक प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीमारी पर नियंत्रण हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी है।
सक्षम प्राधिकारी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए, चिड़ियाघर को खोलने पर विचार किया जाएगा और निर्णय होने पर इसकी सूचना सार्वजनिक की जाएगी। वर्तमान स्थिति में एनजेडपी पूरी तरह सतर्क और सक्रिय निगरानी बनाए हुए है।
