Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि गुरुवार 21 मई 2026 को दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कई दिनों तक लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है और 26 मई तक राजधानी में लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
बीते बुधवार को दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका सबसे ज्यादा गर्म रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रिज क्षेत्र में 45.8 डिग्री और सफदरजंग में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री से अधिक रहा। हालात इतने गंभीर हैं कि अब रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है तो उसे गंभीर हीटवेव की श्रेणी में रखा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण स्थिति और अधिक खतरनाक बन गई है। दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा के झोंके 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 मई को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 23 मई को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है, लेकिन लू का असर जारी रहेगा। वहीं 24 से 26 मई के बीच भी पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में इस अत्यधिक गर्मी के पीछे राजस्थान के थार रेगिस्तान और पाकिस्तान के बलूचिस्तान से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं बड़ी वजह हैं। ये हवाएं दिल्ली पहुंचकर गर्मी को सतह के पास रोक देती हैं, जिससे तापमान लगातार ऊंचा बना रहता है। इसके अलावा कंक्रीट और इमारतों से भरे शहर में दिनभर की गर्मी रात तक बनी रहती है, जिससे रात का तापमान भी कम नहीं हो पा रहा।
मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले 10 दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश या प्री-मानसून गतिविधियों की कोई संभावना नहीं है। हालांकि तेज हवाओं की वजह से दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 168 तक पहुंचकर मध्यम श्रेणी में आ गया है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
