भिवंडी: महाराष्ट्र के भिवंडी तालुका के वडपे गांव स्थित रिचलैंड कंपाउंड क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 22 गोदाम पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। आग में कई प्रमुख कंपनियों की इकाइयां और सामग्री नष्ट हो गई हैं।
जिन कंपनियों के गोदाम प्रभावित हुए हैं, उनमें शामिल हैं:
- केके इंडिया पेट्रोलियम स्पेशलिटीज प्रा. लि.
- कैनन इंडिया प्रा. लि.
- ब्राइट लाइफकेयर प्रा. लि.
- होलीसोल प्रा. लि.
- एबॉट हेल्थकेयर प्रा. लि.
- एक बड़ा मंडप सजावट गोदाम, जिसमें बड़ी मात्रा में सजावटी सामग्री, फर्नीचर, कपड़े, जूते और अन्य सामान मौजूद था।
इन गोदामों में रसायन, प्रिंटिंग मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हेल्थ सप्लीमेंट पाउडर, कॉस्मेटिक सामान और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं संग्रहीत थीं, जिससे आग और भी विकराल हो गई।
भिवंडी और कल्याण से दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियाँ मौके पर भेजी गई हैं और आग बुझाने का प्रयास अब भी जारी है। दमकल कर्मियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी कुछ समय और लग सकता है।
