आसनसोल: इस वर्ष 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोग देशभक्ति में डूबे हुए हैं। इसी बीच, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रहने वाले 23 वर्षीय युवक अभिषेक मोदक ने अपनी अनोखी देशभक्ति का प्रदर्शन किया है। अभिषेक ने अपनी माइक्रो आर्ट से हर किसी को हैरान कर दिया है।
अभिषेक ने टूथपिक पर 0.1 सेंटीमीटर का एक राष्ट्रीय ध्वज बनाया है, जिसे देश का सबसे छोटा राष्ट्रीय ध्वज माना जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने 0.5 सेंटीमीटर के चावल के दाने पर भी तिरंगा बनाया है, जिसकी लंबाई 6 एमएम और चौड़ाई 4 एमएम है। उन्होंने 1 सेंटीमीटर की एक पेंसिल पर भी देश के नाम तिरंगा झंडा उकेरा है।
अभिषेक ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान माइक्रो आर्ट बनाना शुरू किया था। एक के बाद एक कई आर्ट बनाकर उन्होंने न सिर्फ आसनसोल, बल्कि पूरे राज्य के लोगों का दिल जीता। वह हर साल स्वतंत्रता दिवस पर कुछ नया और अनोखा बनाकर अपनी देशभक्ति दिखाते हैं।
अभिषेक के पिता, रंजीत मोदक, बराकर में एक होटल चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनका पूरा परिवार अभिषेक के इस काम में पूरा सहयोग करता है। अभिषेक की इस कला ने उन्हें समाज में एक अनोखी पहचान और सम्मान दिया है।
