गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की खोड़ा कॉलोनी में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड और उसके बाद आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। इस पूरे मामले पर अब टीवी की मशहूर एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी का बड़ा बयान सामने आया है। देवोलीना ने इस जघन्य हत्याकांड पर गहरा रोष जताते हुए आरोपी के माता-पिता तक को सजा देने की मांग कर डाली है। सोशल मीडिया पर इस केस से जुड़े एक दर्दनाक वीडियो को देखने के बाद उन्होंने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ‘रेयर ऑफ रेयरेस्ट’ (दुर्लभ से दुर्लभतम) सजा की अपील की।
देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा करते हुए लिखा, ‘इस आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना बेहद जरूरी है। यह घटिया सोच, घटिया परवरिश और घटिया संस्कारों का नतीजा है। ऐसे मामलों में मां-बाप सहित पूरे परिवार को फांसी दे देनी चाहिए। सीएम योगी आदित्यनाथ, अगर रेयर टू रेयरेस्ट जैसी कोई कड़ी सजा है, तो इन सबको परिवार सहित मिलनी चाहिए।’
Iss ataankvaad ko jadh se ukhaad phenkna zaroori hai…..Ghatiya soch, ghatiya parvarish aur ghatiya sanskar….maa baap sahet sabko phaansi de deni cahiye… @myogiadityanath Rare to Rarest koi saza hai toh inn sabko , parivaar sahet milni cahiye https://t.co/ezCXSb4Pgu
— Devoleena Bhattacharjee (@Devoleena_23) June 1, 2026
यूजर ने उठाए सवाल: ‘इसमें परिवार की क्या गलती?’
एक्ट्रेस के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। देवोलीना के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने उनसे सवाल किया, ‘मैडम, इसमें उसके परिवार की क्या गलती है? अगर आप कुछ लिख रही हैं तो सोच-समझकर सही से लिखिए। सबके लिए गलत मत बोलिए।’ इस कमेंट के बाद से ही सोशल मीडिया पर आरोपी के परिवार की जवाबदेही को लेकर यूजर्स आपस में भिड़ गए हैं।
इंदिरापुरम पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी असद को किया ढेर
इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीते रविवार की तड़के खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी असद को मार गिराया। इस एनकाउंटर को लेकर अब उत्तर प्रदेश में राजनीति भी शुरू हो गई है। जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और विभिन्न हिंदू संगठनों के नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई को सही ठहराया है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने इस एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और असद के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बाइक चलाने के विवाद में उतारा मौत के घाट
घटना के पीछे की वजह को लेकर बताया जा रहा है कि आरोपी असद और मृतक सूर्या चौहान पहले से दोस्त थे। वारदात वाले दिन मोटरसाइकिल चलाने को लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जो धीरे-धीरे इतनी बड़ी बहस में बदल गया कि असद ने सूर्या पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हालांकि, मृतक सूर्या चौहान के परिवार ने पुलिस के सामने कुछ अलग आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सूर्या को साजिश के तहत फोन कॉल करके एक निश्चित जगह पर मिलने के बहाने बुलाया गया था, जहां पहले से घात लगाकर बैठे कई हमलावरों ने उस पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले के अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
