OpenAI GPT-5.6 Launch: ओपनएआई ने पेश की नई AI फैमिली GPT-5.6; कोडिंग और साइबर सिक्योरिटी के लिए आए तीन धांसू मॉडल

चैटजीपीटी बनाने वाली अग्रणी टेक कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दुनिया में एक बड़ा धमाका करते हुए अपने सबसे एडवांस और नेक्स्ट-जेनरेशन एआई मॉडल ‘GPT-5.6’ को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है।

ओपनएआई ने पेश की नई AI फैमिली GPT-5.6
ओपनएआई ने पेश की नई AI फैमिली GPT-5.6

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने अपनी नई AI फैमिली GPT-5.6 पेश करने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, इस सीरीज में तीन अलग-अलग मॉडल शामिल हैं, जिन्हें कोडिंग, वैज्ञानिक अनुसंधान और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हालांकि, शुरुआती चरण में इन मॉडलों को आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है।

OpenAI ने इस बार नई नामकरण प्रणाली अपनाते हुए तीन वेरिएंट पेश किए हैं। इनमें GPT-5.6 Sol को सबसे उन्नत मॉडल बताया गया है, जिसे जटिल कोडिंग और वैज्ञानिक रिसर्च के लिए डिजाइन किया गया है। वहीं GPT-5.6 Terra बिजनेस और डेवलपर्स की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि GPT-5.6 Luna को तेज और कम लागत वाले AI एप्लिकेशन के लिए पेश किया गया है।

नई AI फैमिली में दो खास क्षमताएं भी जोड़ी गई हैं। पहली Max Reasoning Effort, जिसके तहत Sol मॉडल कठिन सवालों का जवाब देने से पहले अधिक समय लेकर गहराई से विश्लेषण करता है। दूसरी सुविधा Ultra Mode है, जिसमें बैकएंड पर कई छोटे AI एजेंट एक साथ काम करते हुए जटिल कोडिंग और रिसर्च से जुड़े कार्य पूरे करते हैं।

कंपनी का दावा है कि नया मॉडल सॉफ्टवेयर की कमजोरियों की पहचान और डिफेंसिव साइबर सिक्योरिटी टेस्टिंग में पहले के मॉडलों से बेहतर प्रदर्शन करता है। बेंचमार्क परीक्षणों में इसने कम टोकन का उपयोग करते हुए प्रतिस्पर्धी AI मॉडलों से बेहतर नतीजे दिए। हालांकि, OpenAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि मॉडल अभी ऐसी क्षमता तक नहीं पहुंचा है, जहां वह अपने स्तर पर पूर्ण साइबर हमला या खतरनाक हैकिंग टूल तैयार कर सके।

फिलहाल GPT-5.6 फैमिली को सीमित प्रीव्यू के तहत केवल कुछ चुनिंदा अमेरिकी साझेदारों के लिए API और Codex के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। कंपनी का कहना है कि उसने लॉन्च से पहले इसकी क्षमताओं की जानकारी अमेरिकी सरकार को दी थी और सरकारी अनुरोध के बाद शुरुआती चरण में इसकी पहुंच सीमित रखी गई है।

OpenAI ने उम्मीद जताई है कि आने वाले हफ्तों में GPT-5.6 को ChatGPT के जरिए व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने वैश्विक रोलआउट की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale