Meta AI Glasses Launch: मार्क जुकरबर्ग की कंपनी Meta ने बेहद किफायती कीमत पर अपनी नई AI स्मार्ट ग्लासेस की रेंज पेश कर दी है। ये नए चश्मे न सिर्फ देखने में स्टाइलिश होंगे बल्कि बेहद एडवांस AI फीचर्स से भी लैस हैं। मेटा ने अपने इन नए AI चश्मों की शुरुआती कीमत महज $299 (यानी करीब ₹28,100) रखी है। यह कीमत मेटा के अपने ही पुराने Meta Ray-Ban चश्मों से कम से कम $80 सस्ती है। इतना ही नहीं, पिछले साल लॉन्च हुए रे-बैन डिस्प्ले ग्लास की कीमत $799 (करीब ₹75,100) थी, जिसके मुकाबले यह नया चश्मा आधी से भी कम कीमत में आ रहा है।
मेटा ने इस चश्मे को आईवियर कंपनी ‘लक्सोटिका’ (Luxottica) के साथ मिलकर ही बनाया है, लेकिन यह मेटा के इतिहास का पहला ऐसा चश्मा है जिस पर रे-बैन (Ray-Ban) या ओकले (Oakley) जैसे बड़े ब्रांड्स का नाम नहीं होगा। यह पूरी तरह से मेटा के अपने ब्रांड के तहत आ रहा है। इस चश्मे को ट्रेंडी लुक देने के लिए कंपनी ने मशहूर हस्ती काइली जेनर (Kylie Jenner) के साथ पार्टनरशिप की है, जिससे इसे काइली जेनर स्टाइल और नया लुक मिला है।
इस चश्मे की सबसे बड़ी ताकत इसका दिमाग है। यह मेटा का पहला ऐसा डिवाइस है जो कंपनी की ‘सुपरइंटेलिजेंस लैब्स’ द्वारा विकसित किए गए बिल्कुल नए ‘म्यूज स्पार्क’ (Muse Spark) AI मॉडल पर काम करता है। हालांकि इस चश्मे में कोई डिस्प्ले स्क्रीन नहीं दी गई है, लेकिन इसमें एक इन-बिल्ट कैमरा और पर्सनल स्पीकर्स दिए गए हैं। यूजर सिर्फ अपनी आवाज के जरिए AI से बात कर सकते हैं, विदेशी भाषाओं का तुरंत ट्रांसलेट कर सकते हैं, अपने सामने दिखने वाली चीजों को समझ सकते हैं और फोटो या वीडियो भी कैप्चर कर सकते हैं।
साल 2021 में अपना पहला स्मार्ट ग्लास लॉन्च करने के बाद से दोनों कंपनियों ने मिलकर लाखों यूनिट्स बेची हैं। जुकरबर्ग का मानना है कि आने वाला समय ‘पर्सनल इंटेलिजेंस’ का है, जहां तकनीक सीधे यूजर की आंखों और कानों के जरिए काम करेगी।
