Tulsi Vivah 2026: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र और पूजनीय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिस घर में नियमित रूप से तुलसी माता की पूजा होती है, वहां सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। हर साल कार्तिक महीने में तुलसी विवाह का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है।
हालांकि, साल 2026 में तुलसी विवाह की तारीख को लेकर लोगों के मन में असमंजस है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस साल तुलसी विवाह कब मनाया जाएगा, पूजा के लिए कौन-सा समय शुभ रहेगा और घर पर तुलसी विवाह कराने की पूरी विधि क्या है।
तुलसी विवाह 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह कराना शुभ माना जाता है। कुछ लोग देवउठनी एकादशी के दिन भी तुलसी विवाह करते हैं, लेकिन शास्त्रों में द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह करना अधिक शुभ माना गया है।
साल 2026 में द्वादशी तिथि की शुरुआत 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगी और इसका समापन 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा। ऐसे में इस साल तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को कराया जाएगा।
तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त
21 नवंबर को तुलसी विवाह और पूजा के लिए कई शुभ मुहूर्त रहेंगे। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 40 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। इसे पूजा, ध्यान और मंत्र जाप के लिए अच्छा समय माना जाता है।
इसके बाद अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 42 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। वहीं, गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से 6 बजकर 13 मिनट तक रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ये दोनों समय भी शुभ कार्यों के लिए अच्छे माने जाते हैं।
हालांकि, तुलसी विवाह के लिए प्रदोष काल को सबसे शुभ माना जाता है। 21 नवंबर को प्रदोष काल शाम 5 बजकर 25 मिनट से 7 बजकर 49 मिनट तक रहेगा। ऐसे में आप इस अवधि में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह करा सकते हैं।
घर पर कैसे कराएं तुलसी विवाह?
घर पर तुलसी विवाह कराने के लिए सबसे पहले एक साफ चौकी पर तुलसी का गमला स्थापित करें। इसके बाद गमले के चारों ओर गन्ने से मंडप तैयार करें।
अब तुलसी माता के पास भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप को स्थापित करें। यदि आपके पास शालिग्राम नहीं है, तो भगवान विष्णु की तस्वीर या मूर्ति भी रख सकते हैं।
इसके बाद तुलसी माता को फूल, माला और सुहाग की सामग्री अर्पित करें। भगवान शालिग्राम और तुलसी माता को हल्दी और चंदन लगाएं।
पूजा के दौरान परिवार का कोई पुरुष सदस्य शालिग्राम भगवान को हाथ में लेकर तुलसी माता की सात बार परिक्रमा करवाए। इसके बाद धूप और कपूर जलाकर दोनों की आरती करें। अंत में भगवान को भोग लगाएं और परिवार की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना करें।
तुलसी विवाह कराने का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इसे शुभ कार्यों की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है। यही वजह है कि कार्तिक महीने में तुलसी विवाह का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
