Kartik Purnima 2026: सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। देवउठनी एकादशी से शुरू हुए तुलसी विवाह उत्सव और भीष्म पंचक व्रत का समापन इसी पावन तिथि पर होता है। इसके साथ ही इस दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था। इसी वजह से इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। मान्यता है कि त्रिपुरासुर के वध से प्रसन्न होकर देवताओं ने स्वर्गलोक को दीपों से रोशन किया था। तभी से पृथ्वी पर भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नदियों के घाटों और मंदिरों में दीपदान करके देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है।
आइए जानते हैं कि साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा कब मनाई जाएगी, पूजा और दीपदान का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा और इस दिन किन स्थानों पर दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा 2026 की तिथि और शुभ मुहूर्त
इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन पूजा और दीपदान के लिए शाम 5 बजकर 8 मिनट से 7 बजकर 47 मिनट तक का समय शुभ रहेगा।
वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के दिन चंद्रोदय शाम 5 बजकर 1 मिनट पर होगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर कहां-कहां करना चाहिए दीपदान?
दीपदान का महत्व केवल दिवाली तक सीमित नहीं है। कार्तिक पूर्णिमा पर भी देव दीपावली मनाई जाती है और इस दिन दीपक जलाना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन इन स्थानों पर दीपदान जरूर करना चाहिए।
1. तुलसी के पास: कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी माता के पास दीपक जलाना शुभ माना जाता है। इसलिए इस दिन तुलसी के पौधे के पास दीपदान जरूर करें।
2. घर के मुख्य द्वार पर: इस दिन घर के मुख्य दरवाजे के दोनों तरफ दीपक जलाने चाहिए। इसे शुभ और मंगलकारी माना जाता है।
3. मंदिर में: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अपने घर के पास स्थित किसी मंदिर में जाकर दीपक जरूर जलाएं। इससे भगवान की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है।
4. पेड़ के नीचे: इस दिन पीपल या आंवले के पेड़ के नीचे दीपक जलाना भी अत्यंत शुभ माना जाता है।
5. नदी या तालाब के किनारे: कार्तिक पूर्णिमा पर किसी पवित्र नदी, तालाब या सरोवर के तट पर दीपदान करने का विशेष महत्व है। इस दिन जल के किनारे दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीपदान करना बेहद फलदायी होता है। कहा जाता है कि इस दिन श्रद्धा के साथ दीपक जलाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और ईश्वर की असीम कृपा प्राप्त होती है। यही वजह है कि इस पावन अवसर पर लोग मंदिरों, नदियों के घाटों और घरों में दीपदान करते हैं।
