हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपों पर एसआईटी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह 2,500 पन्नों की चार्जशीट 14 अगस्त को स्पेशल कोर्ट में सौंपी गई। फिलहाल ज्योति मल्होत्रा जेल में बंद हैं और हाई कोर्ट पहले ही उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुका है। पुलिस के अनुसार, यह रिपोर्ट तीन महीने की जांच और ठोस सबूत जुटाने के बाद तैयार की गई है।
हरियाणा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ज्योति पाकिस्तान के लिए “टूलकिट” के तौर पर इस्तेमाल हो रही थीं। चार्जशीट में दावा किया गया है कि वे पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में थीं और देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक करती थीं। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान ज्योति एजेंटों के टच में आईं और उनका संपर्क पाक हाई कमीशन में तैनात दानिश अली से भी लगातार था।
पुलिस को ज्योति और पाकिस्तानी एजेंटों — ISI एजेंट शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लों — के साथ चैट के कई सबूत मिले हैं। उनकी विदेशी यात्राओं का भी विस्तृत ब्यौरा केस डायरी में दर्ज है। ज्योति मल्होत्रा (33), ‘ट्रैवल विद जेओ’ नामक यूट्यूब चैनल चलाती थीं। उन्हें 16 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले भारत ने 13 मई को पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश को जासूसी में कथित संलिप्तता के चलते निष्कासित कर दिया था।
