प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। पीएम मोदी ने चंबा, भरमौर, कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और कांगड़ा में एक उच्चस्तरीय बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। साथ ही एसडीआरएफ फंड और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम जारी करने की घोषणा की। पीएम आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त घरों की जियो-टैगिंग की जाएगी ताकि पीड़ितों तक तेजी से सहायता पहुंच सके।
शिक्षा और कृषि क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज की भी घोषणा की गई। स्कूलों को क्षति रिपोर्टिंग और जियो-टैगिंग की सुविधा दी जाएगी, जबकि बिजली कनेक्शन रहित किसानों को अतिरिक्त सहायता मिलेगी। जल संचयन हेतु पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण भी किया जाएगा।
हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। इसके साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। pic.twitter.com/PS0klVwo5c
— Narendra Modi (@narendramodi) September 9, 2025
पीएम मोदी ने आपदा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के साथ मिलकर हर संभव मदद करेगी और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व सेना के प्रयासों की सराहना की।
हिमाचल प्रदेश में भारी बाढ़ और लैंडस्लाइड से प्रभावित कुछ लोगों से बातचीत की। उनकी पीड़ा के साथ ही त्रासदी से हुआ नुकसान मन को व्यथित करने वाला है। खराब मौसम का संकट झेल रहे हर व्यक्ति तक राहत और सहायता पहुंचे, इसके लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। pic.twitter.com/KfpyriuLwq
— Narendra Modi (@narendramodi) September 9, 2025
