प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 10:30 बजे भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी 7,870 करोड़ रुपये की समुद्री क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल, कोलकाता और पारादीप बंदरगाह पर नए कंटेनर टर्मिनल, टूना टेकरा मल्टी-कार्गो टर्मिनल और कांडला में ग्रीन बायो-मेथनॉल संयंत्र शामिल हैं।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री 26,354 करोड़ रुपये की गुजरात से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें एलएनजी बुनियादी ढांचा, नवीकरणीय ऊर्जा, तटीय सुरक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन परियोजनाएँ शामिल हैं। वे धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र और लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का भी दौरा करेंगे।
