प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हेलेनिक गणराज्य (ग्रीस) के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस से टेलीफोन पर बातचीत की। मित्सोताकिस ने पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, जिस पर मोदी ने आभार व्यक्त किया।
दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नौवहन, रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और पीपल-टू-पीपल रिश्तों में हो रहे सकारात्मक विकास का स्वागत किया और भारत-ग्रीस सामरिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ग्रीक प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र संपन्न होने और 2026 में भारत द्वारा आयोजित एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए ग्रीस का समर्थन जताया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए और संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
