पलवल: हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के कारण पलवल के खादर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, हरेंद्र पाल राणा, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
गौरव गौतम ने बताया कि यमुना किनारे के गाँवों में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों को मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए खाद्य सामग्री और दवाइयां उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा, एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की मदद के लिए पलवल और होडल में फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इनके हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं:
- पलवल: 01275-298160
- होडल: 01275-235836
मंत्री ने बताया कि गाँवों में लगातार मुनादी करवाई जा रही है ताकि लोग सतर्क रहें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों की फसलें खराब होंगी, उन्हें सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा और इसके लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल भी शुरू कर दिया गया है।
इस दौरान गौरव गौतम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आधारहीन और नकारात्मक राजनीति करती है, क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा खेल, स्टार्टअप और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
यमुना नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आज बागपुर खादर समेत प्रभावित गाँवों का निरीक्षण किया।
— Gaurav Gautam (@GauravgGautam) September 2, 2025
अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ की आशंका बनी हुई है और कई गाँव इससे प्रभावित हुए हैं।
ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी… pic.twitter.com/XkPT1waiRr
