मऊगंज (मध्यप्रदेश): मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ अचानक बीजेपी नेता और पूर्व पार्षद सी.एम. सिंह पटेल के बंधवा मोड़ स्थित घर में घुस गया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम आंबी के कुछ बच्चे खेत में शौच के लिए गए थे, तभी एक तेंदुआ वहां आ धमका। तेंदुए ने बच्चों की पीठ पर झपट्टा मारा और सीधे भाजपा नेता के घर में घुस गया। घर में मौजूद लोगों ने तुरंत दरवाजा बंद कर दिया और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेंदुए को बेहोश करके सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
