Home Minister Amit Shah on Delhi Explosion: देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम करीब सात बजे एक कार में ज़ोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहाँ खड़ी कई अन्य कारों में भी आग लग गई। यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक हुंडई आई-20 (Hyundai i20) कार में हुआ। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद एनआईए की टीम मौके पर पहुँच गई है और जाँच शुरू कर दी गई है। इस धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
गृह मंत्री ने दी जानकारी और जाँच का आश्वासन
गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विस्फोट में कुछ राहगीर घायल हुए हैं और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों से कुछ लोगों की जान जाने का संकेत मिलता है। उन्होंने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर ही दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुँच गईं।
अब एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर गहन जाँच शुरू कर दी है। उन्होंने आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जाँच के आदेश दिए जाने की बात कही। गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से बात की है, जो इस समय मौके पर मौजूद हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि “हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी विकल्पों की तुरंत जाँच करेंगे। हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही घटनास्थल और फिर अस्पताल जाएँगे।
पीएम मोदी ने लाल किला धमाके पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पीएम मोदी ने कहा, “आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है।
नवीन पटनायक ने व्यक्त किया दुख
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “लालकिले के पास हुए विस्फोट में इतने सारे अनमोल जीवन के नुकसान के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
